"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

द्वारकापुरी में सनसनी: 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव क्लासमेट के कमरे में मिला, तीन दिन से थी लापता

KPN24 :- मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके ही क्लासमेट के कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हैरानी की बात यह है कि कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था और छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी।

पुलिस ने सूचना मिलने पर ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां छात्रा की लाश पड़ी मिली। प्रारंभिक जांच के बाद मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का माना जा रहा है, जबकि परिजन इसे साजिश और हत्या बता रहे हैं।
मंदसौर निवासी क्लासमेट फरार
घटना अंकली गली स्थित एक किराए के कमरे की है। यह कमरा मंदसौर निवासी पीयूष धनोतिया का बताया जा रहा है, जो मृतका का क्लासमेट है। दोनों सांवेर रोड स्थित एक निजी संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। घटना सामने आने के बाद से आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
10 फरवरी से थी लापता
परिजनों के अनुसार छात्रा 10 फरवरी को आधार कार्ड में सुधार कराने की बात कहकर पिता के साथ घर से निकली थी। पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। इसके बाद छात्रा ने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ जन्मदिन की पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी।
लेकिन वह घर नहीं लौटी। देर रात तक मोबाइल बंद आने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
कॉलेज ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो वायरल
घटना ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब 10 फरवरी की रात छात्रा के मोबाइल से कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से ढका था, जबकि छात्रा का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
कॉलेज प्रबंधन ने अगले दिन वीडियो हटाकर छात्रा के पिता को बुलाया और जानकारी दी कि दोनों छात्रों के मोबाइल फोन बंद हैं। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
परिवार का आरोप है कि 12 फरवरी को पूरे दिन तलाश के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिजनों की आशंका के आधार पर एक पुलिसकर्मी आरोपी के कमरे तक गया, लेकिन बाहर ताला देखकर लौट आया।
शुक्रवार को उसी कमरे से तेज बदबू आने की शिकायत मिली। सूचना पर पुलिस पहुंची और ताला तोड़कर अंदर गई, जहां छात्रा का शव बरामद हुआ। मौके पर एफएसएल टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल से वीडियो भेजने का आरोप
परिजनों का दावा है कि आरोपी युवक ने छात्रा के मोबाइल से उसके स्टेटस पर आपत्तिजनक वीडियो लगाए और फोन में सेव नंबरों पर भी वीडियो भेजे। इससे साफ है कि घटना सिर्फ संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश और डिजिटल उत्पीड़न का मामला भी हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर छात्राओं की सुरक्षा, पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More