"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अंतरराज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़, जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 फरवरी 2026

जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बिहार के कटिहार से संचालित यह गिरोह छत्तीसगढ़ के कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुका था।

थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में दिन-दहाड़े 2.5 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी अब भी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक यादव (36 वर्ष) – नया टोला, जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)
अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28 वर्ष) – नया टोला, जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)
9.83 लाख की लूट का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 7 प्रकरणों में 9,83,000 रुपये की लूट और उठाईगिरी की वारदातें की थीं।
इनमें प्रमुख घटनाएं:
अंबिकापुर – 2 लाख रुपये, रायगढ़ (खरसिया) – 1 लाख व 2 लाख रुपये, सारंगढ़ – 60 हजार रुपये, गांधी नगर, अंबिकापुर – 88 हजार रुपये, कटघोरा, कोरबा – 85 हजार रुपये, धरदेई, जांजगीर – 2.5 लाख रुपये
150 से ज्यादा CCTV खंगाले, तब मिला सुराग
13 फरवरी 2026 को पामगढ़ SBI से 2.5 लाख रुपये निकालकर लौट रहे प्रार्थी का धरदेई में पीछा कर आरोपियों ने रकम लूट ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर साइबर टीम ने मोर्चा संभाला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमति योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टीम ने घटना स्थल से लेकर बिलासपुर तक 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बिलासपुर के एक लॉज तक पहुंची, जहां ग्राहक बनकर दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा गया।
ऐसे बनाते थे लोगों को निशाना
बैंक में बड़ी रकम निकालने आए महिला और बुजुर्गों की रेकी
घर तक पीछा कर सुनसान जगह पर वारदात
पीड़ित को गुमराह करने के लिए केंवाच पाउडर (खुजली) का इस्तेमाल
चोरी की बाइक पर फर्जी छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट लगाकर वारदात
जप्त सामग्री
2 मोटरसाइकिल (पल्सर CG-07-CD-1988, ग्लैमर CG-10-AK-1805), 4 फर्जी आधार कार्ड, 3 कीपैड मोबाइल, केंवाच पाउडर, 10,500 रुपये नगद, दोनों वाहनों को बिहार से चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट के साथ इस्तेमाल किया गया था।
टीम की सराहनीय भूमिका
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित पूरी साइबर व थाना टीम की सतर्कता और तकनीकी दक्षता से इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की जनता से अपील
बड़ी रकम की जानकारी अनजान लोगों को न दें
RTGS/IMPS/UPI जैसे डिजिटल माध्यम अपनाएं
कैश काउंटर पर खुले में पैसे न गिनें
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें
बैंक से निकलते ही सतर्क रहें, पीछा होने पर सीधे नजदीकी थाने या भीड़भाड़ क्षेत्र में जाएं

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More