"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

प्रगतिशील छत्तीसगढ़ 2026: विकास की रफ्तार को मिला मंच, भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ

जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचार और आत्मनिर्भरता की झलक एक ही छत के नीचे :- सांसद ने किया आह्वान – आमजन सीधे उठाएं योजनाओं का लाभ

KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 फरवरी 2026

जांजगीर-चांपा के पुलिस परेड ग्राउंड, खोखरा में 19 से 21 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़ 2026 – उन्नति की ओर एक पहल’ भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने किया।

उद्घाटन के साथ ही विकास, नवाचार और जनकल्याण की योजनाओं का विराट संगम देखने को मिला।
प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित कर आम नागरिकों को सीधे जानकारी दी जा रही है। शुभारंभ के बाद सांसद सहित सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं और नवाचारों की जानकारी ली।
जांजगीर की पहचान और किसानों की ताकत पर जोर
अपने संबोधन में सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि जांजगीर “कोसा-कांसा-कंचन की नगरी” के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के किसान नवाचार और आधुनिक तकनीक के जरिए कम लागत में बेहतर उत्पादन कर नई मिसाल कायम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की योजनाओं और तकनीकी नवाचारों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति उसका लाभ उठा सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
हर क्षेत्र की झलक: कृषि से अंतरिक्ष तक
प्रदर्शनी में कृषि एवं बागवानी, हस्तकला एवं हस्तशिल्प, वाणिज्य एवं व्यापार, पशुपालन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं परमाणु ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं औद्योगिक विकास, आवास एवं शहरी विकास, रक्षा अनुसंधान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्त, बैंकिंग एवं बीमा तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा नवाचार आधारित परियोजनाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। नागरिकों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र भी स्थापित किया गया है, जहां आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण की झलक
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण की भावनाओं को और मजबूती दी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के उपाध्यक्ष मोहन यादव, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More