
KPN24.com रायपुर, 22 फरवरी 2026।
समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भास्कर चन्द्रा को प्रतिष्ठित “छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026” से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित गरिमामयी समारोह में समता साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ द्वारा उन्हें “स्वामी रामकृष्ण परमहंस अवॉर्ड” से नवाजा गया।
कार्यक्रम में साहित्य, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही। भास्कर चन्द्रा को यह सम्मान समाज कल्याण के क्षेत्र में उनके विशेष उल्लेखनीय कार्य, सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और जनहित में निरंतर सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए भास्कर चन्द्रा ने संस्था के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“स्वामी रामकृष्ण परमहंस अवॉर्ड प्राप्त कर मैं अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह पुरस्कार मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक आप सभी के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को समाजसेवा के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा मानता हूं।”
उन्होंने अपने वक्तव्य में भावुक होते हुए अपने माता-पिता को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।
“मेरे पूज्य बाबूजी और पूज्य माताजी के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और त्याग ने मुझे सदैव जनसेवा और सत्य के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति दी है। मैं अपने परिवार और मित्रों का विशेष धन्यवाद करता हूं, जिनके सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।”
समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया। सामाजिक सरोकारों से जुड़े उनके प्रयासों को राज्य स्तर पर मिली यह मान्यता न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।










