
दो दिवसीय प्रथम चरण प्रशिक्षण का शुभारंभ, डिजिटल ऐप से होगी पूरी प्रक्रिया
Kpn24.con जांजगीर-चांपा, 23 फरवरी 2026।
आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण — मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना — के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की।
कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि जनगणना केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और जिले के भविष्य की विकास योजनाओं की नींव है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इस दायित्व को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ निभाएं।
दो चरणों में होगी जनगणना
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी—
प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) – प्रत्येक मकान का सूचीकरण और मकानों की गणना।
द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) – प्रत्येक व्यक्ति की विस्तृत जनसांख्यिकीय जानकारी का संकलन।
कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित कार्मिक प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें और प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही मैदानी कार्य में उतरें, ताकि शत-प्रतिशत सटीक और विश्वसनीय आंकड़े सामने आ सकें।
मोबाइल ऐप के माध्यम से होगी डिजिटल जनगणना
इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप के जरिए संचालित की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को जागरूक किया जाए ताकि वे सही और तथ्यात्मक जानकारी दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक या अपूर्ण जानकारी विकास योजनाओं को प्रभावित कर सकती है।
मास्टर ट्रेनरों ने दी विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर श्री मनोज महिलांगे एवं श्री बलवंत सौम्यकर ने जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधान, दायित्व और समय-सीमा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में निम्न विषयों पर विशेष चर्चा हुई—
पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति
डेटा नैतिकता, गोपनीयता एवं सुरक्षा
मोबाइल एवं वेब ऐप से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान
स्व-गणना प्रक्रिया एवं डेमो
एचएलओ प्रश्न 1 से 34 का अवलोकन
सीएमएमएस मॉड्यूल, पंजीकरण एवं प्रबंधन प्रक्रिया
जनशक्ति, प्रचार गतिविधियां एवं कोष प्रबंधन
विकास की दिशा तय करती है जनगणना
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जनगणना के आधार पर ही शासन की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण और भविष्य की नीतियां तय होती हैं। इसलिए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ पूरा करना प्रत्येक कार्मिक का कर्तव्य है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी संदीप ठाकुर, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसील एवं नगरीय जनगणना चार्ज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










