
KPN24.com जांजगीर-चांपा 11 मार्च 2026
जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस औचक कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सभी बैरकों में पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया और जेल की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
संयुक्त टीम ने जेल के हर बैरक में जाकर कैदियों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अनुशासन की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जेल की रसोई, परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी गहन निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या लापरवाही की संभावना को खत्म किया जा सके।
इस कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडिशनल कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सतरूपा तारम तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष में दो बार जेलों का औचक निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खोखरा जेल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।










