"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अवैध नशीली कैप्सूल कारोबार का भंडाफोड़, चांपा पुलिस की एंड-टू-एंड जांच में बड़ी सफ़लता 

दो और आरोपी गिरफ्तार, 880 नशीली कैप्सूल बरामद – पहले ही दो आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 मार्च 2026 

जांजगीर-चांपा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंड-टू-एंड विवेचना के तहत पुलिस ने नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 880 नग नशीली कैप्सूल, जिनकी कीमत लगभग 8200 रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है और लगातार जांच के बाद अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पुलिस पहुंच गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई थी पहली बड़ी कार्रवाई
मामले की शुरुआत 10 फरवरी 2026 को हुई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रामकिशोर कश्यप और प्रदीप पटेल बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 469 स्ट्रिप में कुल 3752 नशीली कैप्सूल (कीमत लगभग 34,813 रुपये) बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG 11 BM 2797), दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नगद भी जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को उसी समय गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
एंड-टू-एंड जांच में सामने आए और आरोपी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस इस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही थी। जांच के दौरान मामले में शामिल दो और आरोपियों प्रकाश चौहान और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू (जिला कोरबा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने नशीली कैप्सूल के अवैध कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश चौहान, पिता सहारन चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी जेपी कॉलोनी रामनगर, जिला कोरबा
सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू, पिता महेंद्र विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामसागर पारा वार्ड नं. 2, थाना कोतवाली, जिला कोरबा
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More