"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

साइबर ठगों से सावधान रहें: पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं से की सतर्क रहने की अपील

बिजली बिल भुगतान या योजना पंजीयन के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक से बचें

KPN24.com रायपुर, 15 मार्च 2026

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर सक्रिय साइबर ठगों से बचने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने विद्युत उपभोक्ताओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के भुगतान या योजना के पंजीयन के लिए अनजान वॉट्सएप, ई-मेल या एसएमएस में भेजे गए लिंक पर क्लिक करना खतरनाक हो सकता है।

पॉवर कंपनी ने चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर किसी भी लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। कंपनी ने साफ किया है कि वह अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए उपभोक्ताओं को एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती है।
छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह ने बताया कि योजना की जानकारी और लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए कंपनी मैदानी स्तर पर शिविर आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता बिजली बिल या अन्य किसी भुगतान के लिए केवल मोर बिजली एप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी केंद्र या नजदीकी विद्युत कार्यालय का ही उपयोग करें।
उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई है कि किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति को नकद भुगतान न करें। योजना के तहत पंजीयन राशि जमा करने की सुविधा केवल मोर बिजली एप, एटीपी केंद्र और संबंधित विद्युत कार्यालयों के माध्यम से ही उपलब्ध है।
पॉवर कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिजली बिल भुगतान या अन्य किसी सूचना के लिए उपभोक्ताओं को संदेश केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। किसी अन्य नंबर या लिंक से प्राप्त संदेशों पर भरोसा न करें।
यदि उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या विद्युत सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी चाहिए, तो वे पॉवर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — साइबर ठगी से बचाव ही सबसे बड़ी समझदारी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More