
KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 मार्च 2026
जांजगीर-चांपा जिले में एक स्कूली वैन दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर दी है। बच्चों से भरी वैन को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे वाहन पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वैन में 15 से अधिक बच्चे सवार थे। इस दुर्घटना में एक शिक्षिका समेत 10 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए हैं। शिक्षिका के कंधे में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि कई बच्चों के सिर फटने और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आने की खबर है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बड़ा खुलासा: बिना लाइसेंस प्रिंसिपल चला रहे थे वैन
हादसे के बाद जो जानकारी सामने आई है, उसने सभी को चौंका दिया है। घायल बच्चों ने बताया कि वैन का नियमित ड्राइवर मौजूद नहीं था, जिसके चलते स्कूल के प्रिंसिपल खुद वाहन चला रहे थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि प्रिंसिपल के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था।
फिटनेस जांच सिर्फ कागजों में, जमीन पर नदारद
इस मामले में परिवहन विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जानकारी के अनुसार, वाहन की फिटनेस जांच केवल कागजों में पूरी कर दी गई थी, जबकि हकीकत में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
जिम्मेदार कौन? कार्रवाई का इंतजार
इस हादसे ने स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग दोनों की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी










