
एक क्लिक में खुलेगा विकास का पूरा लेखा-जोखा, 569 निर्माण कार्यों की जानकारी ऑनलाइन
KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 मार्च 2026
जिले में विकास कार्यों को लेकर अब “फाइलों का खेल” नहीं चलेगा, बल्कि हर काम जनता की नजरों के सामने होगा। प्रशासन ने पारदर्शिता और जवाबदेही को नई ऊंचाई देते हुए ‘जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल’ की शुरुआत कर दी है, जो आम लोगों को सीधे विकास प्रक्रिया से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे की पहल पर 15 सितंबर 2025 से शुरू इस पोर्टल ने प्रशासनिक कार्यशैली में बड़ा बदलाव लाया है। अब कोई भी नागरिक घर बैठे ही एक क्लिक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की स्वीकृति, प्रगति और क्रियान्वयन की पूरी जानकारी आसानी से देख सकता है।
हर काम ऑनलाइन, हर जानकारी सार्वजनिक
पोर्टल पर वर्ष 2024-25 के 485 कार्य और वर्ष 2025-26 के 84 कार्य, यानी कुल 569 निर्माण कार्यों का पूरा ब्योरा उपलब्ध है। खास बात यह है कि इन कार्यों की नियमित अपडेट और फोटो अपलोडिंग से हर प्रोजेक्ट की जमीनी हकीकत सीधे सामने आ रही है।
स्कूल से सड़क तक—हर निर्माण पर जनता की नजर
जिले में बनने वाले स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, नाली, सड़क जैसे सभी महत्वपूर्ण निर्माण कार्य अब इस पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर कार्य की विस्तृत जानकारी और फोटो समय-समय पर अपलोड करना अनिवार्य होगा, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी छिप न सके।
जनभागीदारी से बढ़ेगी जवाबदेही
यह पोर्टल सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों को निगरानी का अधिकार भी देता है। लोग अपने क्षेत्र में चल रहे कामों को देखकर प्रतिक्रिया और सुझाव दे सकते हैं, जिससे कार्यों में सुधार और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित होंगे।
प्रशासन का लक्ष्य—समय पर, गुणवत्ता के साथ विकास
जिला प्रशासन का साफ उद्देश्य है कि हर निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा हो। इसके लिए जनता की भागीदारी को सबसे अहम माना जा रहा है।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपने आसपास हो रहे विकास कार्यों पर नजर रखते हुए जवाबदेह और सहभागी नागरिक की भूमिका निभाएं।










