
KPN24.com जांजगीर-चांपा 24 मार्च 2026
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में स्पष्ट संदेश गया है कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर निवासी योगेश कुमार देवांगन ने 15 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि भागवत कथा आयोजन के दौरान समलाई मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर एक फ्लेक्स बैनर लगाया गया था।
इसी दौरान कलश यात्रा के समय, जब श्रद्धालु हसदेव नदी से जल लेकर लौट रहे थे, तभी आरोपी राजेश वाल्टर (71 वर्ष) ने सार्वजनिक रूप से फ्लेक्स बैनर को फाड़ दिया। इस कृत्य से उपस्थित श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं और माहौल में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर एवं थाना चांपा की टीम की अहम भूमिका रही।
संदेश साफ: कानून से ऊपर कोई नहीं
चांपा पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि धार्मिक आस्था के खिलाफ किसी भी प्रकार की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।










