
KPN24 :- छत्तीसगढ़ में 10 हजार सुरक्षाबलों ने करीब एक हजार नक्सलवादियों को घेर लिया है। बस्तर में नक्सलवादियों पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सलवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ की शुरुआत हो गई है, जो अगले कुछ दिनों तक चल सकती है। खबर लिखे जाने तक करीब आधे दर्जन नक्सली मारे जा चुके हैं और ऑपरेशन खत्म होने तक यह आंकड़ा बहुत बड़ा हो सकता है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने कुछ नक्सलियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से लगे पड़ोसी राज्य तेलंगाना की सीमा पर नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि माओवादियों के सबसे मजबूत सैन्य संगठन बटालियन नंबर एक के वरिष्ठ कैडरों और माओवादियों की तेलंगाना राज्य समिति की मौजूदगी के बारे में मिली सूचना के आधार पर सोमवार को अभियान शुरू किया गया था। यह अभियान लगातार कुछ दिनों तक चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा यह इलाका माओवादियों की बटालियन नंबर एक का आधार क्षेत्र बताया जाता है।










