"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रायपुर में एक बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले का खुलासा।

KPN24:- राजधानी रायपुर में एक बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें 4 करोड़ 95 लाख रुपये की अवैध लेन-देन का प्रयास किया गया था।

इंडसइंड बैंक एम.जी. रोड शाखा के पूर्व प्रबंधक मुन्ना सिंह की शिकायत पर थाना मौदहापारा पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस संगठित अपराध में मुख्य आरोपी आकाश नाई और उसका साथी कमल किशोर केशरवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
फर्जी डिमांड ड्राफ्ट के जरिए धोखाधड़ी का प्रयास मामले की शुरुआत तब हुई जब 27 फरवरी 2023 को आकाश नाई नामक व्यक्ति इंडसइंड बैंक की एम.जी. रोड शाखा पहुंचा और अपने श्याम ट्रेडिंग नामक फर्म के करंट अकाउंट में 4.95 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा किया। उक्त डीडी बंजारा हिल्स, हैदराबाद स्थित इंडसइंड बैंक शाखा से जारी होना बताया गया था, जो कि आर.आर. एनर्जीस प्राइवेट लिमिटेड के मालिक फनेन्द्र कुमार के नाम से उनके अकाउंटेंट के.एन.एस. कुमार द्वारा चेक के माध्यम से बनवाया गया था। हालांकि, डीडी की जांच के दौरान यह असली प्रतीत हुआ, और शाम तक उसे श्याम ट्रेडिंग के खाते में जमा कर दिया गया। 28 फरवरी को बंजारा हिल्स ब्रांच से रायपुर शाखा को फोन कर जानकारी दी गई कि के.एन.एस. कुमार डीडी को कैंसिल कराने आए हैं और उनके पास असली डीडी मौजूद है। इस पर रायपुर शाखा के प्रबंधक को शक हुआ और उन्होंने श्याम ट्रेडिंग के खाते में जमा डीडी की जांच की, जिसमें वह फर्जी निकला।
त्वरित बैंकिंग कार्रवाई से रुका बड़ा नुकसान जैसे ही फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई, शाखा प्रबंधक ने श्याम ट्रेडिंग के खाते की गहन जांच कराई, जिसमें पता चला कि 29,57,000 रुपये की राशि विभिन्न व्यक्तियों को ट्रांसफर की जा चुकी थी या एटीएम से निकाली जा चुकी थी। तत्काल शेष राशि 4.65 करोड़ रुपये को डेबिट फ्रीज कर लिया गया, जिससे बड़ी वित्तीय क्षति से बचा जा सका। प्रार्थी मुन्ना सिंह की रिपोर्ट के आधार पर मौदहापारा थाना में धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468, 471 (कूटरचना से संबंधित अपराध), एवं 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत अपराध क्रमांक 49/2023 दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More