
KPN24:- कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।
कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 17 जून से 27 जून तक आयोजित होने वाले विशेष शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने धरती आबा उत्कर्ष अभियान के माध्यम से अनुसूचित जनजाति परिवार के प्रत्येक सदस्यों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, उज्ज्वला योजना आदि से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव को नई शिक्षा नीति के अनुरूप उत्साह के साथ मनाया जाए एवं शाला त्यागी बच्चों की संख्या शून्य करने का लक्ष्य रखें। उन्होंने स्कूलों की मरम्मत, गणवेश वितरण और सायकल वितरण की तैयारी समय रहते पूर्ण करने एवं उत्कृष्ट विद्यार्थियों, शिक्षकों का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले, ताकि स्कूली बच्चों को किसी तरह की कोई समस्या का सामना न करना पड़े। इस दौरान उन्होंने अधिकारी से उनके या अपने परिवार के जन्मदिन, सालगिरह एवं अन्य अवसरों पर स्कूल में न्योता भोज का आयोजन भी करने कहा गया।
कलेक्टर श्री महोबे ने वर्तमान में गर्मी और वर्षा के मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने उल्टी-दस्त से प्रभावित ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य सर्वे एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि वह ग्राम सचिवों से गांव में बीमारी की सूचना मिलने पर तत्काल अवगत कराए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी खरीफ फसल सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी तरह की कोई समस्या न आए यह सुनिश्चित करने कहा गया।










