
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर।
KPN24:- शहर को जलसंकट से निजात दिलाने के लिए लंबे समय से चल रही जल आवर्धन योजना अब भी पूरी होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में बारिश ने परेशानी और बढ़ा दी है। जहां-तहां खुदी सडक़ें और फैले गडढे वाहनों के आवागमन में बड़ी मुसीबत बन गए है। स्कूल बसें और ऑटो तक बच्चों को लेने-छोडऩे घरों तक नहीं जा पा रहे है और बारिश-कीचड़ के कारण बच्चों को घरों से लाना ले जाना परिजनों के लिए अगल परेशानी है। इस सब असुविधाओं का कारण कछूआ चाल से चल रहा जल आवर्धन योजना का काम है।
दरअसल इसकी डेडलाईन तो कब की जा चुकी है लेकिन काम है कि अब तक पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ज्यादा मुसीबत इन दिनों खैराती बाजार से इतवारा गेट वाले मुख्य रास्ते पर है। यहां जल आवर्धन योजना के तहत पाईप लाईन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए सिरदर्द बन गए है। महिनों पहले खुदे ये गडढे अभी तक नहीं भरे जा सकें। जबकि इस रास्ते पर बीच में चार मुख्य चौराहे भी पड़ते है, जहां से दिनभर शहर के कई क्षेत्रों के वाहनों का आवागमन होता है। जिसमें ये गडढे बाधा उत्पन्न कर रहे है।
बच्चों और पालकों की परेशानी अलग
बता दें कि इस पूरे रास्ते को जगह-जगह खोद कर रखा गया है। इससे स्कूल बसें और ऑटो घरों तक नहीं पहुंच पा रहे है। जिससे बारिश में बच्चों के साथ माता-पिता के लिए भी बच्चों को लाने ले जाने की परेशानी बढ़ गई है। इसके साथ बारिश में कीचड़ के कारण परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। इस रास्ते से खातु घाट, कादरिया कॉलेज और नागझिरी घाट जाने वालों के लिए बड़ी दुविधा हो गई है।
काम को रफ्तार से करने की मांग
रहवासियों का कहना है कि पाईप लाईन बिछाने का ये काम बहुत सुस्त गति से चल रहा है। नगर निगम को इस काम को गति से करना चाहिए। जिससे बारिश में आवागमन में परेशानी न हो।
मनमानी पार्किंग भी परेशानी
शहर को व्यवस्थित बनाने की कवायद के दौरान अव्यवस्था और ज्यादा फैल रही है। हाईवे पर शनवारा से लेकर शिकारपुरा तक बेतरतीब वाहन पार्किंग नगर निगम के लिए भी बड़ा सिरदर्द है। लाख जतन करने के बावजूद इसमें सुधार नहीं हो पा रहा है। जबकि नगर निगम परिवहन और यातायात विभाग के साथ मिलकर लगातार अस्थाई अतिक्रमण खदेडऩे में और वाहन चालकों के चालान काटने से लेकर वाहन जब्त करने तक में पीछे नहीं है लेकिन हालात जस के तस है और सबसे ज्यादा परेशानी बस स्टैंड के आसपास के क्षेत्र में हो रही है। दरअसल बस स्टैंड के आसपास वाहनों को दबाव ज्यादा रहता है। ऐसे में इतने हिस्से में ही बेतरतीब वाहन पार्किंग भी ज्यादा हो रही है। तिब्बती मार्केट के पास सडक़ किनारे खड़े हो रहे वाहन हाईवे से होने वाले आवागमन में बाधक बन रहे है।
स्थाई जलजमाव भी मुसीबत
बस स्टैंड के सामने नेहरु स्टेडियम रोड पर बना गड्ढा भी हमेशा की मुसीबत है। यहां हर साल बारिश में जलजमाव होने के कारण परेशानी ज्यादा हो रही है। यहां से दिन-रात वाहनों का दबाव बना रहता है। यहां बना गड्ढा हमेशा पानी से भरा होता है और सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को होती है। नगर निगम ने इसका कई बार भराव भी किया लेकिन हालात जस के तस है।










