"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

प्लास्टिक बैन की पहले शपथ लेकर संकल्प दोहराया, अब उस पर कर रहे अमल,

मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर।

KPN24:- एक तरफ तो जनजागरुकता और समझाईश पर लाखों रुपये और सालों का समय खर्च करने के बावजूद भी बड़े-बड़े शहर जो काम तमाम संसाधनों के बावजूद नहीं कर पा रहे है, वहीं काम जिले की एक छोटी सी और प्रदेश के आखिरी छोर पर स्थित ग्राम पंचायत इच्छापुर ने कर दिखाया। अब इच्छापुर पूरी तरह से प्लॉस्टिक से मुक्त है और बाजारों से लेकर धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों में भी अब प्लॉस्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करके जिलेभर के लिए एक मिसाल पेश की है।

दरअसल, ग्राम पंचायत इच्छापुर से सामुहिक सहमति से करीब दो महिने पहले प्लॉस्टिक के उपयोग को बैन करने की विचार किया था। इसके बाद करीब एक डेढ महिने तक दुकान-दुकान और घर-घर जाकर महिलाओं और पुरुषों ने सभी को समझाईश देकर इसके फायदे नुकसान सबको समझाकर 1 जुलाई को इसे लागू करने के लिए दिन चुना गया। तब तक पूरा होमवर्क और फिल्ड वर्क पूरी पंचायत ने सबके सहयोग से अच्छे से किया। इसका परिणाम ये हुआ कि 1 जुलाई से इसको पूर्णत: लागू किया जा सका।
पहले ली स्वच्छता की शपथ और अमल भी किया
इस अभियान को शुरु करने से पहले ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों ने 1 जुलाई पहले स्वच्छता की सार्वजनिक शपथ ली। इसके बाद इसे सख्ती से लागू भी करवाया और इसमें न सिर्फ व्यापारियों, दुकानदारों और रेहड़ी वालों ने उनका समर्थन किया बल्कि सामाजिक और वैवाहिक आयोजनों में भी लोगों ने आगे आकर इसमें साथ देते हुए प्लॉस्टिक को अब ना कहना शुरु कर दिया।
मंदिर ट्रस्ट में रोजाना होते है आयोजन
बता दें कि इच्छादेवी मंदिर ट्रस्ट में रोजाना मान-मन्नतों के अलावा शादी-सगाई जैसे आयोजन माता के दरबार में होते रहते है। जिनमें बड़े पैमाने पर प्लॉस्टिक की प्लेटों और डिस्पोजल ग्लास का उपयोग किया जाता है लेकिन ग्राम पंचायत की प्लॉस्टिक बैन की मुहिम में इच्छादेवी ट्रस्ट ने भी सहयोग करते हुए इसमें अपनी आहूति डाली। बता दें कि अब बीते दो दिनों से इच्छादेवी के परिसर में जो भी आयोजन हो रहे है, उनमें नाश्ते-खाने के लिए प्लॉस्टिक की प्लेटों की जगह केले के पत्तों ने ले ली और डिस्पोजल ग्लास की जगह घरों में उपयोग होने वाले स्टील के ग्लास देखे जा रहे है।
छोटी सी पंचायत का बड़ा बदलाव
इच्छापुर का ये छोटा सा बदलाव जिलेभर के लिए बड़ी सीख का काम करेगा। इस तरह का सार्थक प्रयास निश्चित ही सराहनीय कदम पर्यावरण संरक्षक की दिशा में साबित होगा। इसके लिए न सिर्फ ग्राम पंचायत बल्कि सभी व्यापारी, समाजसेवी और धार्मिक ट्रस्टी सभी को साधुवाद है। दूसरा हमें भी इस छोटे से प्रयास पर अमल करते हुए इस दिशा में कोई कदम उठाना चाहिए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More