
KPN24:- मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिला अस्पताल में एक लावारिस युवती की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई । बताया जा रहा है कि युवती का उसका बॉयफ्रेंड उसे मुरार जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए लेकर आया था। जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार चेतन कुकरेजा नाम का युवक और बिहार की रहने वाली युवती पिछले तीन सालों से मालनपुर क्षेत्र में लिव-इन में रह रहे थे। दोनों एक ही फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। देर रात युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चेतन के मुताबिक युवती को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी हालत तेजी से खराब होने लगी।
नाजुक हालत देखकर फरार हो गया युवक
चेतन ने युवती को गंभीर हालत में ऑटो रिक्शा में बैठाया और मुरार जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जब डॉक्टरों ने युवती की हालत नाजुक बताई तो वह घबरा गया और अस्पताल में युवती को छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल स्टाफ ने जब युवती को अकेला और अचेत अवस्था में पाया तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ऑटो वाले ने बताया आरोपी का पता
सूचना पर मुरार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगाला गया। जिसमें आरोपी युवक दिखा। युवक की पहचान नहीं मिल पाई तो पुलिस ने ऑटो के नंबर के जरिए ऑटो चालक को पकड़ा और फिर आरोपी युवक के घर पहुंच गई। जहां पर पुलिस ने चेतन कुकरेजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चेतन से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।










