"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कारगिल विजय दिवस: भारत माँ के अमर सपूतों की शौर्यगाथा सदा रहेगी प्रेरणास्रोत

KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई 2025) पर भारत माँ की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई का दिन भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटल संकल्प और मातृभूमि के लिए सर्वस्व अर्पण करने वाले सपूतों के अमर बलिदान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर हमारे वीर जवानों ने जो साहस दिखाया, वह इतिहास के स्वर्णाक्षरों में अंकित है। भारतीय सेना ने न केवल दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में लड़ते हुए दुश्मनों को परास्त किया, बल्कि भारत की अस्मिता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करते हुए अमर बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि चाहे कारगिल युद्ध हो या घाटी में आतंकवादियों से मुठभेड़, भारतीय सैनिकों ने हर चुनौती में वीरता की नई मिसाल कायम की है। यह दिवस हमें उन अमर बलिदानियों को स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु प्राणों की आहुति दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समस्त प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम सब मिलकर राष्ट्र की रक्षा में समर्पित जवानों और उनके परिजनों के प्रति कृतज्ञ रहते हुए देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More