
KPN24:- जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, चांपा द्वारा ‘राइजिंग एंड एक्सीलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस’ योजना के अंतर्गत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन होटल रंगमहल, चांपा में किया गया।
इस कार्यक्रम में उद्योग संघ, चेंबर ऑफ कॉमर्स, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, उद्योगपति, चार्टर्ड अकाउंटेंट, नव-उद्यमी तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक जेवियर टोप्पो एवं प्रबंधक विजय कारे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक श्री टोप्पो ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), महिला उद्यमियों को पीएम-एफएमई, पीएमईजीपी, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बैंकों द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में सीजीटीएमएसई योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, औद्योगिक नीति 2024–30 के अंतर्गत अनुदान एवं ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। नव-उद्यमियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
उद्यमियों ने अपनी व्यापारिक समस्याओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों द्वारा समाधान व सुझाव दिए गए। कार्यक्रम के दौरान पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।










