
KPN24 :- छत्तीसगढ़ राज्य के जिला जेल कोरबा से चार विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना से जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना उस समय हुई जब जेल परिसर में बिजली बंद थी। अंधेरे का फायदा उठाकर कैदी करीब 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले।
फरार कैदी जेल के भीतर बीमार मवेशियों की देखरेख में लगे हुए थे, जिससे उन्हें जेल परिसर में आवाजाही की छूट मिली हुई थी। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर उन्होंने भागने की योजना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिलेभर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जेल के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि फरार कैदी किस दिशा में भागे। इस बीच, जेल प्रशासन की लापरवाही को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
फरार कैदियों की तलाश में आसपास के थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
यह घटना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की तैयारी में है।










