
KPN24:- सावन मास की पावन बेला में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में भगवान शिव का विधिवत रूद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मारूति मंगलम भवन से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक के लिए निकले। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने और लोक-विश्वास की गहराई को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। सावन के इस माह में शिवभक्तों का यह उत्साह भक्ति, आस्था और समर्पण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर के अद्भुत धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल अर्पित करने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भक्ति, श्रद्धा तथा संस्कृति का अनूठा संगम है। इस तरह की कांवड़ यात्रा न केवल परंपरा को संरक्षित करती है बल्कि आध्यात्मिक चेतना व सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रदान करती है।
इस भव्य आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद थे।
सावन की इस पावन बेला में हुई यह भव्य कांवड़ यात्रा प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम उदाहरण साबित हुई।










