
KPN24:- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुड़की क्षेत्र के मलकपुर चुंगी स्थित एक होटल में लंबे समय से संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। सिविल लाइंस पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने इस गुप्त रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मौके से 8 युवतियों और 5 युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा है। होटल का मैनेजर भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को इस होटल में देह व्यापार संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त रूप से योजना बनाकर छापेमारी की गई। छापे के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों में युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पाया गया। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और ग्राहकों की मांग पर युवतियों को होटल के बाहर भी भेजा जाता था।
पुलिस ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है और मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ-साथ कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कॉल डिटेल और चैटिंग की जांच की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि जिलेभर में देह व्यापार और मानव तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अपराध गतिविधियों में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि हरिद्वार पुलिस इससे पहले भी सिडकुल क्षेत्र के एक होटल में सेक्स रैकेट का खुलासा कर चुकी है, जहां दो सगी बहनों समेत चार कॉल गर्ल्स, होटल मालिक और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










