
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक माह की विशेष मुहिम में बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के दौरान जिले से लापता हुए कुल 59 अपहृत/गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के हवाले किया गया है।
इस अभियान को पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर जुलाई 2025 के महीने में चलाया गया था। निर्देशानुसार, अधिक से अधिक गुमशुदा व अपहृत बच्चों की बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए थे। उनके नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया।
इस विशेष मुहिम के तहत पुलिस टीमों ने हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, बिहार, आंध्र प्रदेश समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में दबिश देकर बच्चों को सकुशल खोज निकाला। टीमों के अथक प्रयासों से 11 बालक और 48 बालिकाएं सुरक्षित रूप से बरामद की गईं और उन्हें उनके परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस के इस मानवीय और संवेदनशील प्रयास की चारों ओर सराहना हो रही है। साथ ही, संबंधित मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही भी जारी है।
जांजगीर-चांपा पुलिस की यह कार्यवाही न केवल कानून व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि समाज में भरोसे और सुरक्षा की भावना को भी मजबूती प्रदान करती है।










