
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है। अकलतरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक और उसके नाबालिग भतीजे पर चैन और चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि आरोपी उनका मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक तिलेश्वर भैना (25) ने बताया कि उसने अपने भतीजे मोनू (16) को दुकान से चखना और गिलास लेने भेजा था। इसी दौरान मोनू के साथ तीन बदमाशों ने झगड़ा शुरू कर दिया। जब तिलेश्वर मौके पर पहुंचा और बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने दोनों पर चाकू से वार किया। दोनों को पेट में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे वहीं जमीन पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को पहले सीएचसी अस्पताल अकलतरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना के संबंध में अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि मामला बुधवार शाम 7 से 7.30 बजे के बीच का है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनकी पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।










