"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बिर्रा की प्रभारी अधीक्षिका हमेशा रहती हैं नदारद, छात्राएं परेशान

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बिर्रा में प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती पुष्पा पटेल की लगातार अनुपस्थिति से छात्राएं और उनके अभिभावक बेहद परेशान हैं। आरोप है कि अधीक्षिका महीनों में मुश्किल से एक-दो दिन ही विद्यालय आती हैं, जबकि शेष समय वे बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़ और चांपा जैसे स्थानों में घूमती रहती हैं।

विद्यालय में वर्तमान में लगभग 150 छात्राएं अध्ययनरत हैं। अधीक्षिका की अनुपस्थिति के चलते न केवल छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था भी चरमराई हुई है। कई छात्राओं और उनके अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में मुलाकात के लिए भी उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

गौरतलब है कि श्रीमती पुष्पा पटेल का मूल पद एलबी शिक्षक का है और वे पहले सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी विद्यालय चिस्दा में पदस्थ थीं। वर्तमान में वे बिर्रा विद्यालय की प्रभारी अधीक्षिका हैं, लेकिन लगातार लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता के चलते छात्राओं की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

विद्यालय से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि श्रीमती पटेल खुद को समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक श्री आर.के. तिवारी की ‘खास’ बताती हैं, जिससे उनके विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती। वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के कुछ बड़े नेताओं द्वारा उन्हें संरक्षण दिए जाने की भी चर्चा है।

जब इस संबंध में प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती पुष्पा पटेल से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा –
“मैं घरेलू कार्य से बाहर आई हूं।”

इस पूरे मामले पर समग्र शिक्षा मिशन की सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती अंजना सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा –
“उक्त मामले की जानकारी ली जा रही है, उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल, विद्यालय की छात्राएं और उनके अभिभावक अधीक्षिका को हटाने की मांग कर रहे हैं, ताकि विद्यालय की व्यवस्था में सुधार हो और छात्राओं की पढ़ाई पुनः सुचारु रूप से शुरू हो सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More