"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा से वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश यादव ने दाखिल किया नामांकन, जीत के लिए मांगा समर्थन

KPN24:- जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद (Bar Council of Chhattisgarh) के आगामी चुनाव 2025 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री दिनेश यादव ने प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने समर्थकों और अधिवक्ता समुदाय के बीच पहुंचकर अधिक से अधिक समर्थन की अपील की है।

नामांकन दाखिल करने के पश्चात दिनेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे वर्षों से अधिवक्ता समाज के हित में कार्य कर रहे हैं, और अब इस चुनाव के माध्यम से अधिवक्ताओं की समस्याओं को संस्थागत रूप से उठाने और समाधान की दिशा में ठोस पहल करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे हैं।

उन्होंने कहा, “मैं अधिवक्ता समाज की सेवा को अपना कर्तव्य मानता हूं। यदि अधिवक्ता साथी मुझे इस चुनाव में अपना प्रतिनिधि चुनते हैं, तो मैं पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ उनकी आवाज बनकर कार्य करूंगा।”

श्री यादव को जांजगीर-चांपा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों से भी अधिवक्ताओं का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत करते हुए अधिवक्ता साथियों से व्यक्तिगत संपर्क कर सहयोग की अपील की है। वे अधिवक्ता हितों की रक्षा, पेशेवर विकास, न्यायिक प्रक्रिया में सुधार और बार काउंसिल की पारदर्शिता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।

दिनेश यादव के नामांकन के साथ ही जांजगीर-चांपा में चुनावी माहौल गर्मा गया है। अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और सभी की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आगामी चुनाव में किसे अधिवक्ता समाज अपना प्रतिनिधि चुनता है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More