"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धमतरी के अन्नपूर्णा ढाबे में हुई दिल दहला देने वाली घटना, रायपुर के तीन परिवारों पर टूटा कहर

KPN24:- छत्तीसगढ़ के धमतरी में सिहावा रोड स्थित अन्नपूर्णा ढाबे में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने रायपुर के तीन परिवारों के सहारों को छीन लिया।

इस घटना में रायपुर के सेजबहार निवासी आलोक ठाकुर (28), संतोषी नगर के सगे भाई सूरज तांडी (34) और नितिन तांडी (32) की दर्दनाक मौत हो गई। उनके निधन से तीनों परिवारों में गहरा शोक और मातम पसरा हुआ है, परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

परिवार की असहाय स्थिति

आलोक, अपने घर का इकलौता बेटा था, जिसने वर्ष 2015-16 में पिता को सड़क हादसे में खो दिया था और तब से मां और बहनों का सहारा बन गया था। हाल ही में उसका रिश्ता भी तय हुआ था, लेकिन यह खुशी मातम में बदल गई। उसकी मां, बहनें शिबू और कुमकुम ने उसकी शादी के सपने देखे थे, लेकिन अब वे गहरे सदमे में हैं। आलोक पेटी ठेकेदार के रूप में काम करता था।

संतोषी नगर के नितिन कार चालक थे और पांच साल की बेटी तथा तीन साल के बेटे के पिता थे, जबकि सूरज मैकेनिक थे और डेढ़ साल की बेटी के पिता थे। दोनों ही अपने-अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले थे। उनकी मौत के बाद परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है।

दोस्तों की यात्रा की बदल गई मंजिल

परिवार वालों ने बताया, पांचों दोस्त रायपुर से धमतरी घूमने निकले थे। पहले वे भिलाई जाने वाले थे लेकिन अचानक धमतरी जाने का कार्यक्रम बन गया। अन्नपूर्णा ढाबे में कुछ बदमाश खाने का बिल देने से इनकार कर रहे थे और वहां मौजूद लोगों से गालीगलौज करने लगे। इसी दौरान युवकों का उनसे विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने तीनों को एक किलोमीटर तक दौड़ाकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार

स्वजनों का आरोप है कि पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, वे मुख्य आरोपी नहीं हैं, और असली गुनहगार अब भी फरार हैं। परिजनों ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। मंगलवार दोपहर तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ा दी है।

बहनों का दर्द और पुलिस की कार्रवाई

आलोक की बहनें उसकी लाश देखकर बेसुध हो गईं और मातम में डूबी रहीं। शिबू ने बताया, “तीन दिन पहले ही मैंने राखी बांधी थी, मेरा राजा भाई बहुत अच्छा लड़का था।”

पुलिस ने रायपुर के तीन युवकों की हत्या के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों का पहले जिला अस्पताल में मुलाहिजा कराया, फिर उनके सिर का अर्धमुंडन कराकर, अस्पताल परिसर से हथकड़ी लगाकर पैदल मार्च कराया। इस दौरान आरोपितों से ‘पुलिस हमारा बाप है, नशा करना पाप है, चाकू रखना पाप है’ कहलवाया गया। जुलूस देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

यह खौफनाक घटना क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर गई है। परिजन न्याय और दोषियों को सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More