
KPN24:-:जांजगीर-चांपा जिले में 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के अंतर्गत देशभक्ति एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में तहसील चांपा के ग्राम पंचायत सिवनी च में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
इस तिरंगा यात्रा में कलेक्टर जन्मेजय महोबे स्वयं शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, सुश्री आशा साव, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद सभापति चूड़ामणि राठौर, जनपद सीईओ रोहित नायक, सरपंच श्रीमती कृष्ण कुमारी गोंड सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करना और स्वतंत्रता दिवस के उल्लास को स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकार से जोड़ना रहा।
साथ ही, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान योजना) के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित तिरंगे झंडों की बिक्री जनपद मुख्यालयों में लगाए गए विशेष स्टॉलों के माध्यम से की जा रही है। इन स्टॉलों पर अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक तिरंगा खरीदकर स्व-सहायता समूहों की दीदियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके अतिरिक्त गांवों में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, स्कूलों के बच्चों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से हर घर तिरंगा रैली निकाली जा रही है तथा प्रतिभागियों को स्वच्छता और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जा रही है।
जिले में यह अभियान देशभक्ति, सामाजिक चेतना और सामुदायिक भागीदारी का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है।










