
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज 14 अगस्त 2025 को जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर पुलिस मितान बूथों और अकलतरा में SOOP (Sub Divisional Officer of Police) कार्यालय का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।
ये हैं नए पुलिस मितान बूथों के स्थान:
1. नैला – गायत्री मंदिर के पास
2. पुटपुरा चौक – जांजगीर
3. लछनपुर चौक – जांजगीर
4. तरौद चौक – अकलतरा
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन बूथों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को त्वरित सहायता, कानून व्यवस्था की निगरानी और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
इसके साथ ही, पूर्व में जांजगीर पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में संचालित SDOP कार्यालय अकलतरा को अब अकलतरा क्षेत्र में ही मुख्यालयित कर दिया गया है, जिससे अकलतरा और आसपास के क्षेत्र में पुलिसिंग और अधिक सशक्त होगी।
पुलिस मितान – जनता की भागीदारी से सशक्त पुलिसिंग
जिले में पुलिस मितान योजना के अंतर्गत सड़क सुरक्षा मितान और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यगण को शामिल किया गया है। यदि कभी पुलिस मितान बूथ में तैनात जवान अन्य ड्यूटी पर चले जाते हैं, तो ऐसी स्थिति में ग्राम रक्षा समिति एवं सड़क सुरक्षा मितान के सदस्य बूथ पर उपस्थित रहकर नागरिकों की सहायता करेंगे।
समस्या की स्थिति में मितान बूथ से पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791-93199 पर संपर्क कर संबंधित थाना या चौकी से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।










