
KPN24 :- जांजगीर-चांपा जिले के सेमरिया में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन सेमरिया के कई छात्र-छात्राएं अब भी बुनियादी शैक्षिक सामग्री जैसे पेन और कॉपी से वंचित हैं। पारिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण कई पालकों के लिए अपने बच्चों की शैक्षणिक जरूरतें पूरी करना कठिन हो रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
इस स्थिति को देखते हुए प्राथमिक माध्यमिक शाला सेमरिया के शिक्षकों ने मिलकर एक सराहनीय पहल की। स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक उमेश कुमार दुबे के नेतृत्व में जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। इस प्रयास में एकादशियां मांझी सहित अन्य शिक्षकगण भी शामिल रहे।
शाला में अध्ययनरत कक्षा पहली से लेकर आठवीं तक के कुल 32 छात्र-छात्राओं को पेन, कॉपी सहित आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इनमें कक्षा पहली के 3, दूसरी के 6, तीसरी के 2, चौथी के 6, पांचवीं के 6, छठवीं के 4, सातवीं के 1 व आठवीं के 4 विद्यार्थी शामिल थे।
इस कार्यक्रम में प्रभारी प्रधान पाठक उमेश कुमार दुबे के साथ शिक्षक पीतांबर प्रसाद कश्यप, टीकाराम गोपालन, कैलाश खूंटे, अनुपमा जांगड़े, कौशल यादव, अशोक जांगड़े सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी छात्र की पढ़ाई शैक्षणिक सामग्री के अभाव में न रुके।
इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है और यह अन्य शालाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।










