
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा के जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, बिर्रा में स्वतंत्रता दिवस एवं प्री-जन्माष्टमी महोत्सव का संयुक्त आयोजन बड़े हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गीता तिवारी (सेवानिवृत्त शिक्षक) द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और कविताओं के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बच्चों के जोशीले नारों “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” से पूरा परिसर गूंज उठा।
प्री-जन्माष्टमी उत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि एस. के. तिवारी (सेवानिवृत्त शिक्षक) ने पूजा-अर्चना से किया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की झांकियाँ, मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण के वेश में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कार्यक्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक रंग भर दिए।
विद्यालय के प्राचार्य राम मनहर ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में देशप्रेम, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के साथ-साथ पालकगण, पत्रकार साथी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










