
KPN24 :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
1. अंत्योदय व प्राथमिकता श्रेणी परिवारों को चना वितरण
मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया कि राज्य के अनुसूचित क्षेत्र एवं माडा पॉकेट क्षेत्र में रहने वाले अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत हर माह वितरित किए जाने वाले 2 किलो चना की खरीदी नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा NeML ई-ऑक्शन प्लेटफार्म के माध्यम से की जाएगी। यह खरीदी वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 0.25 प्रतिशत या उससे कम ट्रांजैक्शन/सर्विस चार्ज पर होगी।
इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि जुलाई 2025 से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों ने चना नहीं लिया है, उन्हें पात्रतानुसार यह चना दिसंबर 2025 तक उपलब्ध करा दिया जाएगा।
2. नवा रायपुर में आईटी उद्योग को बढ़ावा
बैठक में नवा रायपुर में सूचना प्रौद्योगिकी (IT/IITS) उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए 90 एकड़ भूमि रियायती प्रीमियम दर पर आबंटित करने का फैसला किया गया। इस पहल का उद्देश्य आईटी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक विकास को गति देना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
इस निर्णय से नवा रायपुर में न केवल तकनीकी व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहरीकरण और बसाहट की प्रक्रिया को भी बल मिलेगा। आईटी कंपनियों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर आधारभूत संरचनाएं विकसित होंगी और नागरिकों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष दोनों ही रूपों में लाभ होगा










