
KPN24:- पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडे के निर्देशन और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना बिर्रा परिसर में गणेश उत्सव शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू ने की।
बैठक में बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों बिर्रा, तालदेवरी, सिलादेही, मौहाडीह, गतवा, बोरसी, चोरहादेवरी, बरकुट, नक्टीडीह, करनौद, बंसुला, सेमरिया, बनडभरा, डभराखुर्द, सोनादह, घिवरा, करही, किकिरदा, बसंतपुर, देवरहा, देवरानी सहित अनेक गांवों के सरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिकगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
थाना प्रभारी श्री साहू ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समिति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंडाल सड़क से कम से कम 10 मीटर की दूरी पर स्थापित हों और पंडाल के सामने वाहन खड़े न किए जाएं। आरती के समय पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की व्यवस्था करने, फायर सेफ्टी और पानी की स्प्रे मशीन रखने, बिजली के तारों में कटा-फटा तार न लगाने और रात्रि 9 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र (साउंड) का उपयोग न करने की हिदायत दी गई।
इसके अलावा उन्होंने डीजे साउंड और आपत्तिजनक या भद्दे गीतों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही। विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बजाना, बीम लाइट का उपयोग करना और वाहन रोककर प्रसाद या चंदा लेना भी वर्जित रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में संबंधित समिति अध्यक्ष और संरक्षक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
थाना प्रभारी ने विशेष रूप से कहा कि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की पुरानी रंजिश को आगे न बढ़ाया जाए और यदि किसी के पास अवैध हथियार संबंधी जानकारी हो तो उसे गुप्त रूप से पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है। सूचना देने वाले को ₹2000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत किकिरदा की सरपंच श्रीमती गोमती श्याम मांझी, जनपद सदस्य बिर्रा रितेश रमन सिंह, डी.एन. देवांगन, जीवन लाल साहू सहित पुलिस थाना स्टाफ एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।










