"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल का जापान और दक्षिण कोरिया दौरा ग्लोबल आउटरीच मिशन की हुई शुरुआत

KPN24:- भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO), भारत सरकार के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुआ। इस दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और राज्य में औद्योगिक व आर्थिक विकास की गति को नई दिशा देना है।

कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल 22 से 24 अगस्त तक टोक्यो में जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस एवं व्यावसायिक बैठकों में भाग लेगा। इसके बाद 25 और 26 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री साय ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे, जहाँ वे छत्तीसगढ़ में निवेश अवसरों पर विभिन्न हितधारकों से चर्चा करेंगे। दौरे का अंतिम चरण 27 से 29 अगस्त तक सियोल (दक्षिण कोरिया) में होगा, जहाँ निवेशक गोलमेज बैठकें, कोरिया की शीर्ष कंपनियों और व्यापार संघों से मुलाकात तथा सेक्टर-विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे।

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की विशेष प्रस्तुति
ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो 2025 के दौरान भारत मंडपम अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन विशेष आकर्षण रहेगा। इस पवेलियन में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, नवाचार की परंपरा और भविष्य-उन्मुख विकास क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनी में औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

निवेश और विकास को नई गति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस दौरे के दौरान जापान और कोरिया के उद्योगपतियों एवं निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे। उनका उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना तथा इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है।

सरकार का मानना है कि यह ग्लोबल आउटरीच मिशन राज्य को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More