
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन शासकीय कार्यों की अनदेखी करने वाले पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने 16 अगस्त 2025 से ऑनलाइन शासकीय कार्य नहीं करने वाले कुल 142 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम जांजगीर ने 40, एसडीएम चांपा ने 32, एसडीएम पामगढ़ ने 28 तथा एसडीएम अकलतरा ने 42 पटवारियों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में उल्लेख है कि 16 अगस्त से पटवारियों द्वारा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन शासकीय कार्य संपादित नहीं किए जा रहे, जिसके चलते महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(2) के विपरीत है। संबंधित पटवारियों को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होता है, तो उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।










