"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा पुलिस की नई पहल “सजग नागरिक सख्त प्रहरी” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ने किया जनसंवाद

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस ने “सजग नागरिक सख्त प्रहरी” अभियान की शुरुआत की है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय रविवार को सारागांव पहुंचे और वहां जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया।

चौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। कुछ मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया गया, वहीं अन्य मामलों में शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने जनता से अपील की कि क्षेत्र में यदि कोई संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

इस मौके पर गांव के नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और चौपाल से सकारात्मक माहौल बना।

जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील :

1. पुलिस आपके लिए हमेशा सतर्क रहती है, गाड़ी का सायरन इसी का संकेत है। सोने से पहले घर के दरवाजे और बाहर की लाइट अवश्य चेक करें।

2. घर बंद कर बाहर जाने पर पड़ोसी और नजदीकी थाने को सूचित करें।

3. पड़ोसी भी एक-दूसरे के घरों पर नजर रखें।

4. मोहल्ले में नए व्यक्ति या फेरीवालों की सूचना पुलिस को दें।

5. सुरक्षा हेतु CCTV कैमरे और चौकीदार की व्यवस्था करें।

6. किरायेदारों की जानकारी पुलिस को अनिवार्य रूप से दें।

7. किसी के सामने अपराध घटित होने पर आम नागरिक भी हस्तक्षेप कर सकते हैं और अपराधी को पकड़ सकते हैं।

इस जनसंवाद कार्यक्रम में सारागांव के गणमान्य नागरिकों के साथ थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चौबे भी मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More