
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध फटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं सीएसपी श्रीमती कविता ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अकलतरा रोड, जांजगीर निवासी सागर खत्री (उम्र 25 वर्ष) के कब्जे से अवैध रूप से बिक्री हेतु रखे गए फटाखों को जब्त किया। पुलिस ने मौके से करीब दो कार्टून में भरे विभिन्न प्रकार के फटाखे, जिनकी कीमत लगभग 8 हजार रुपए आंकी गई है, बरामद किए। आरोपी के विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत विधिवत कार्यवाही की गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, उप निरीक्षक सत्यम कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, राजू लाठेवाल एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।










