"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

लाखों की सैलरी और नहीं है पता सीएम व पीएम का नाम

KPN24:- छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री कौन है – यह बात प्रदेश का हर नागरिक जानता है, लेकिन जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत परसाभांठा प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर को इसकी जानकारी तक नहीं है। हद तो तब हो गई जब वह शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे और बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल समय में ही कुर्सी पर सो गए। ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।

वीडियो के आधार पर जांच शुरू
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच कर रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। हेडमास्टर का नाम चंद्रपाल पैकरा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वह अक्सर शराब पीकर ही स्कूल आते हैं।

सीएम का नाम पूछा तो बोला – ‘रमन सिंह’
ग्रामीणों ने जब नशे में धुत हेडमास्टर से प्रधानमंत्री का पूरा नाम पूछा तो उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का नाम पूछे जाने पर उन्होंने कहा – “रमन सिंह”, जबकि वर्तमान में राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैं। रमन सिंह वर्ष 2018 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।

एक लाख वेतन लेने की बात भी कबूली
ग्रामीणों ने जब उनकी सैलरी पूछी तो नशे में धुत हेडमास्टर ने कहा कि वह “एक लाख रुपये पाते हैं”।

बच्चों का भविष्य खतरे में
ग्रामीणों का आरोप है कि हेडमास्टर चंद्रपाल पैकरा हमेशा शराब के नशे में स्कूल आते हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की गई। स्कूल में कुल 46 बच्चे पढ़ते हैं और केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक कक्षा में बच्चों को पढ़ाते हैं जबकि हेडमास्टर नशे की हालत में रहते हैं।

ग्रामीणों की नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार समझाने के बाद भी हेडमास्टर अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। वह कहते हैं कि “ज्यादा से ज्यादा कुछ दिनों के लिए निलंबन होगा, नौकरी से बर्खास्त नहीं किया जाएगा”। छात्रों का आरोप है कि हेडमास्टर अक्सर क्लास में सो जाते हैं और पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More