"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शिक्षक दिवस पर “मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2025” का हुआ भव्य आयोजन

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आज शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले में “मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2025 एवं शिक्षक सम्मान समारोह” का आयोजन ऑडिटोरियम जांजगीर में किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शाल-श्रीफल, प्रोत्साहन राशि एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में गुरुजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही समाज और राष्ट्र की सच्ची नींव हैं। विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और हर युग में गुरुजनों ने समाज को दिशा दी है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि शिक्षक दीपक की भांति हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को रोशन करते हैं। वहीं, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले ने शिक्षकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में अहम है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इस अवसर पर शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा के प्रति समर्पित रहा और शिक्षक दिवस हमें शिक्षा की महत्ता का स्मरण कराता है।

उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

समारोह में विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

ज्ञानदीप जिला स्तरीय सम्मान – 3 शिक्षकों को प्रदान किया गया।

शिक्षा दूत सम्मान – 15 शिक्षकों को मिला।

उत्कृष्ट प्रधान पाठक सम्मान – 10 शिक्षकों को दिया गया।

सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान – शैक्षणिक सत्र 2024-25 में सेवानिवृत्त हुए 158 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने वाले प्राचार्य – 13 प्राचार्यों को विशेष सम्मान दिया गया।

प्रोफेशनल लर्निंग कमेटी के 69 शिक्षकों को प्रश्न निर्माण व शैक्षणिक कार्यों में योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

सड़क सुरक्षा वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र की रीढ़ हैं। जिले के सम्मानित शिक्षक आने वाली पीढ़ियों को योग्य, संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य कर रहे हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More