
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर सुरजपुर जिले के श्री विशंभर यादव से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से श्री यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल होकर एम्स रायपुर में भर्ती नीलू गुप्ता से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय को जानकारी दी गई कि विशंभर यादव और नीलू गुप्ता दोनों ही एक ही सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे। मुख्यमंत्री ने दोनों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए इलाज के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने विशंभर यादव की धर्मपत्नी श्रीमती उषा यादव से भी भेंट की और उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद प्रदान करेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे।










