"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शासकीय टी.सी.एल. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर में स्वदेशी जागरण अभियान पर विशेष कार्यक्रम

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय टी.सी.एल. स्नातकोत्तर महाविद्यालय जांजगीर में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महाविद्यालय परिवार के संयुक्त प्रयास से स्वदेशी जागरण अभियान पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन उदय पाण्डेय एवं साकेत सिंह चंदेल के नेतृत्व में हुआ।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरें ने अभियान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर राष्ट्रीय एकता और सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जांजगीर के जिला कार्यवाह अमित गौरहा ने स्वदेशी जागरण अभियान को “ब्रह्मास्त्र” बताते हुए इसकी सार्थकता और महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने राष्ट्र सर्वोपरि की भावना पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से अभियान से जुड़ने और राष्ट्रप्रेम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के पुरुष प्रमुख आर.के. चन्द्रा ने स्वदेशी वस्तुओं की जानकारी दी और गीतों के माध्यम से “स्वदेशी अपनाओ” का संदेश दिया। महिला वर्ग की प्रमुख डॉ. पुष्पा सिंह ने विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रोफेसर डॉ. कोमल शुक्ला ने कहा कि स्वदेशी उद्योग और उत्पादों को बढ़ावा देकर हम स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे।

स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधि उदय पाण्डेय ने अभियान की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से स्वरोजगार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और समृद्ध भारत का निर्माण हो।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में साकेत सिंह चंदेल के साथ महाविद्यालय के छात्र हर्ष शुक्ला, संस्कार पाण्डेय, समर्थ पाण्डेय, वैभव यादव सहित समस्त छात्र-छात्राओं का सहयोग रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More