
KPN24 :- भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभ किए गए आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले में ब्लॉक स्तरीय अभिविन्यास सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल ग्रामों में रहने वाले परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन हेतु जिले के 21 ग्रामों का चयन भारत सरकार द्वारा किया गया है। चयनित ग्रामों में 25 विभिन्न घटकों के माध्यम से बुनियादी अधोसंरचना का निर्माण किया जाएगा।
योजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में आज विकासखण्ड नवागढ़ एवं अकलतरा के जनपद कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, वन अधिकार समिति के सदस्य, मितानिन और पटवारी उपस्थित रहे।
अभियान अंतर्गत अकलतरा ब्लॉक के चयनित 05 ग्रामों से 39 प्रतिनिधि तथा नवागढ़ ब्लॉक के चयनित 02 ग्रामों से पंचायत स्तर के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों और क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।










