
मनीष विद्यार्थी, खरगोन
KPN24:- मध्यप्रदेश के खरगोन में गुरुवार शाम आरती टॉकीज़ परिसर में नारी शक्ति और संगठन कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा 1946 के ग्रेट कलकत्ता हत्याकांड और नोआखली दंगों की दर्दनाक घटनाओं पर आधारित फिल्म “द बंगाल फाइल्स” का विशेष शो आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विहिप जिला मंत्री विवेक तोमर, नगर अध्यक्ष हर्ष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएँ शामिल हुईं। शाम 4:30 बजे जब सभी भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम के नारों के साथ टॉकीज़ में प्रवेश किए, तो पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।
विहिप जिलाध्यक्ष इंजी. नितिन मालवीय ने बताया कि फिल्म भारत विभाजन की कड़वी सच्चाइयों और सांप्रदायिक हिंसा की पीड़ा को उजागर करती है। इसके कई दृश्य इतने मार्मिक थे कि महिलाओं की आँखों से आँसू छलक पड़े। फिल्म ने सभी को हमारे पूर्वजों और महापुरुषों के बलिदान की याद दिलाई।
नगर मंत्री सौरभ धामंडे ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि जागरूकता का माध्यम है, जो हमें इतिहास से सीख लेकर भविष्य के लिए सचेत रहने का संदेश देती है।
फिल्म देखने के बाद महिलाओं ने भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अनुपम खेर ने महात्मा गांधी की भूमिका में जान डाल दी है। कलाकारों ने विभाजनकालीन घटनाओं को इतने सजीव रूप में प्रस्तुत किया कि दर्शक स्वयं को उसी दौर में महसूस कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस शो में फिल्म के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि पश्चिम बंगाल में स्वाधीनता और विभाजन के समय किस प्रकार साम्प्रदायिक हिंसा को भड़काया गया। फिल्म में बंगाल के स्थानीय विधायक सरदार हुसैनी द्वारा युवती गीता मंडल के अपहरण और हत्या सहित विभाजनकालीन क्रूर घटनाओं का बेबाक चित्रण किया गया है।
फिल्म देखने के बाद सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि इतिहास जानना चाहते हैं तो द बंगाल फाइल्स हर देशभक्त और सनातनी को अवश्य देखनी चाहिए।










