
मनीष विद्यार्थी, खरगोन
KPN24:- खरगोन जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। जिले के 49वें पुलिस कप्तान के रूप में डॉ. रविन्द्र वर्मा ने शुक्रवार को पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता जिले में बेस्ट पुलिसिंग स्थापित करना, सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करना होगी।
रीवा जिले में अपनी सेवाएं दे चुके डॉ. वर्मा ने कहा कि पुलिस का मूल दायित्व जनता को सुरक्षित रखना है। अपराध और भयमुक्त वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में पूरा बल लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अवैध कारोबार, नशा, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. वर्मा ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग से ही बेहतर परिणाम संभव हैं। उन्होंने अपील की कि आमजन और पत्रकार समाज में सक्रिय भूमिका निभाएं और पुलिस को समय-समय पर सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
उन्होंने यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उनका मानना है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु होने से न केवल लोगों को राहत मिलेगी बल्कि अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
डॉ. रविन्द्र वर्मा के कार्यभार संभालने के बाद जिलेवासियों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में खरगोन पुलिस किस तरह कानून-व्यवस्था को नई दिशा देती है और जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में कितनी तेजी से कदम बढ़ाती है।










