"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बुरहानपुर में 400 साल पुरानी रहस्यमयी सुरंग का दावा, जांच की उठी मांग

KPN24 :- मध्यप्रदेश के  बुरहानपुर के अंडा बाजार क्षेत्र में जमीन धंसने से बने एक गहरे गड्ढे ने स्थानीय लोगों और इतिहासकारों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि यह गड्ढा किसी प्राचीन सुरंग का हिस्सा है, जो मुगलकालीन जनता हमाम तक जाती थी। नगर निगम ने इसे बंद करने की कोशिश की, लेकिन रहस्यमयी संरचना के कारण गड्ढा पूरी तरह भर नहीं पाया। अब इस प्रकरण की पुरातत्व विभाग से जांच की मांग उठ रही है।

जमीन धंसी तो खुला राज

अंडा बाजार इलाके में अचानक सड़क धंस गई, जिससे भीतर बनी सुरंगनुमा संरचना दिखाई देने लगी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। इतिहासकारों का कहना है कि यह मुगलकालीन अंडरग्राउंड जल प्रणाली का हिस्सा है, जिसे जनता हमाम तक पानी पहुंचाने के लिए बनाया गया था।

इतिहासकारों का दावा

इतिहासकार मोहम्मद नोशाद ने बताया, “यह सिर्फ गड्ढा नहीं, बल्कि प्राचीन जल प्रणाली की कुंडी है। इसमें दोनों ओर से पानी आने के रास्ते साफ नजर आ रहे हैं। नगर निगम इसे मलबे से भर रहा है, जबकि पुरातत्व विभाग की वैज्ञानिक जांच जरूरी है।”

जनता हमाम का इतिहास

बुरहानपुर की ऐतिहासिक धरोहरों में जनता हमाम खास महत्व रखता है। यह स्नानागार मुगल सेनापति अब्दुल रहीम खान-ए-खाना द्वारा बनवाया गया था। माना जाता है कि यहां से निकलने वाली कई भूमिगत सुरंगें शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था का हिस्सा थीं।

गड्ढा भरने की नाकाम कोशिश

प्रत्यक्षदर्शी शेख फारूक ने बताया, “शुरुआत में गड्ढा छोटा था, लेकिन पानी रिसने से यह बड़ा होता चला गया। नगर निगम ने मिट्टी डालकर भरने का प्रयास किया, मगर यह फिर से धंस गया। इसके अंदर सुरंग जैसी संरचना साफ दिखाई देती है। जिला प्रशासन को गंभीरता से जांच करानी चाहिए।”

अब आगे क्या?

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह सचमुच मुगलकालीन सुरंग है, तो यह बुरहानपुर की ऐतिहासिक धरोहरों में एक महत्वपूर्ण खोज होगी। फिलहाल नगर निगम इसे बंद करने के प्रयास में है, लेकिन इतिहासकार और नागरिक पुरातत्व विभाग से वैज्ञानिक जांच की मांग कर रहे हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More