"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया विद्या भारती मध्य क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले  के प्रवास पर रहे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज चांपा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्या भारती मध्य क्षेत्रीय व्हालीबॉल एवं खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत उप मुख्यमंत्री एवं अतिथियों द्वारा भारत माता और सरस्वती माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई।

इस अवसर पर श्री साव ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा – “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में पसीना बहाना चाहिए, क्योंकि यही पसीना जीवन की ऊर्जा और उत्साह को बनाए रखता है।”

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राएँ अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से खेल के क्षेत्र में निखरते हैं। जीत और हार दोनों ही जीवन का हिस्सा हैं – हार हमें सीख देती है और जीत प्रेरणा। श्री साव ने विद्यार्थियों को डिप्रेशन और नकारात्मकता से दूर रहते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों के विकास के लिए आवश्यक सुविधाएँ, संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता, समाज, राज्य और देश का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखें।

कार्यक्रम को जुड़ावन सिंह ठाकुर, विवेक सक्सेना एवं चंद्रशेखर देवांगन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियाँ पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, गुलाब सिंह चंदेल, अमर सुल्तानिया, इंजीनियर रवि पांडे, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, श्री प्रशांत ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More