
जन-जन की आस्था को मिला सहारा : नवरात्र में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क बस सेवा
माँ बम्लेश्वरी के दरबार तक पहुँच श्रद्धालुओं के लिए अब और सुगम : मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री ने चार बसों को दिखाई हरी झंडी, दो सौ श्रद्धालु माँ बम्लेश्वरी दर्शन के लिए हुए रवाना
कालीमाता सेवा समिति द्वारा निःशुल्क बस सेवा पूरे नवरात्रि में नौ दिन तक चलेगी
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था को नया सहारा मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर शहर के आकाशवाणी चौक स्थित माँ काली मंदिर से डोंगरगढ़ तक चलने वाली नि:शुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया।
कालीमाता सेवा समिति की ओर से संचालित यह बस सेवा पूरे नौ दिनों तक प्रतिदिन चार बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ ले जाएगी और दर्शन उपरांत उन्हें वापस रायपुर पहुँचाएगी।
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने चार बसों के माध्यम से लगभग दो सौ महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने समिति की पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कालीमाता सेवा समिति बीते दस वर्षों से प्रत्येक नवरात्र पर नि:शुल्क बस सेवा चला रही है। यह परंपरा श्रद्धालुओं के लिए न केवल सहूलियत भरी है, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रेरक उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि माँ बम्लेश्वरी के दर्शन से श्रद्धालुओं में दिव्य ऊर्जा का संचार होता है, किंतु कई बार दूरी और संसाधनों की कमी आस्था के मार्ग में बाधा बन जाती है। इस स्थिति में समिति की यह सेवा श्रद्धालुओं को माँ के दरबार तक पहुँचने में मददगार सिद्ध हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में राजिम से रायपुर तक मेमू ट्रेन का शुभारंभ भी किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए समिति से जुड़े श्रीचंद सुंदरानी, दीपक भारद्वाज एवं सभी पदाधिकारियों को साधुवाद दिया।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी इस अवसर पर समिति से आग्रह किया कि एक बस कवर्धा से डोंगरगढ़ तक चलाई जाए। वहीं, कार्यक्रम में शामिल राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने भी इस सेवा की सराहना की।










