
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में “मेक-इन-सिलिकॉन: राष्ट्रीय सिंपोजियम ऑन एनेबलिंग इंडिजिनस सेमीकंडक्टर इन्फ्रास्ट्रक्चर” के पोस्टर और आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया।
यह संगोष्ठी भारत में सेमीकंडक्टर मिशन को नई दिशा देने और स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को सशक्त बनाने की पहल है।
ट्रिपल आईटी-नया रायपुर के निदेशक प्रो. ओमप्रकाश व्यास ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी 7–8 नवम्बर 2025 को ट्रिपल आईटी-नया रायपुर में आयोजित होगी। इसमें देशभर से विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद और नीति-निर्माता शामिल होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य भारत की घरेलू सेमीकंडक्टर व्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय सेमीकंडक्टर मिशन में पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देगा। उन्होंने युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों से मिलकर नवाचार करने और नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी सेमीकंडक्टर अधोसंरचना ही भारत की डिजिटल और आर्थिक मजबूती की आधारशिला है।
उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन भारत सरकार के “सेमीकंडक्टर इंडिया मिशन” और छत्तीसगढ़ सरकार की तकनीकी आत्मनिर्भरता की सोच के अनुरूप है। इस तरह के प्रयास युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे।
इस अवसर पर संगोष्ठी के संयोजक डॉ. मनोज मजूमदार, डॉ. दीपिका गुप्ता और आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










