
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आज रतनपुर स्थित ऐतिहासिक महामाया मंदिर पहुँचकर माँ महामाया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए माता रानी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर प्रांगण में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और उन्हें नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रतनपुर का महामाया मंदिर छत्तीसगढ़ का प्राचीनतम शक्ति पीठ माना जाता है। यहाँ नवरात्रि पर्व पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता के कारण यह श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित महामाया ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।










