
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया (जशपुर) में सपरिवार गोवर्धन पूजा संपन्न की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की माता श्रीमती जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। पूजा स्थल पर धार्मिक वातावरण के बीच गौपूजन एवं गोवर्धन पर्व की पारंपरिक विधियों का पालन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायी लीला की स्मृति है, जिसमें उन्होंने गोकुलवासियों को प्रलयकारी वर्षा और संकट से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाकर सभी को शरण दी थी।
उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें यह संदेश देता है कि जब समाज एकजुट होकर विश्वास और सहयोग के साथ कार्य करता है, तब कोई भी संकट अजेय नहीं रहता। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सह-अस्तित्व और प्रकृति-पूजन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिन गोवंश की पूजा की जाती है, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा — गौ-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण — को जीवंत रखती है। उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।










